पटना , अक्टूबर 27 -- बिहार विधान परिषद के पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रत्याशी संजीव कुमार सिंह ने मतगणना हॉल के अंदर सीसीटीवी कैमरे नहीं दिखने पर चिंता जताते हुए निर्वाचन अधिकारियों से तत्काल जांच कराने की मांग की है।
श्री सिंह ने इस संबंध में पटना के प्रमंडलीय आयुक्त-सह-निर्वाची पदाधिकारी को लिखित शिकायत देकर कहा कि मतगणना प्रक्रिया के दौरान जब वह हॉल के अंदर गए, तो उन्हें वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं दिखे। हालांकि, अन्य स्थानों पर कैमरे लगे हुए नजर आए।
पटना शिक्षक निर्वाचन राजद प्रत्याशी ने निर्वाचन अधिकारियों से मतगणना हॉल में निगरानी की व्यवस्था का तत्काल निरीक्षण कराने, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और उनके चालू रहने की स्थिति की जांच करने तथा निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुपालन को सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
श्री सिंह ने मतगणना प्रक्रिया से संबंधित उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की भी मांग की और कैमरों की कार्यशीलता और किसी भी तकनीकी व्यवधान से संबंधित रिकॉर्ड संरक्षित रखने पर जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित