पटना , सितंबर 03 -- ंगा नदी के जलस्तर में हो रही वृद्धि को देखते हुए जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा एवं नगर आयुक्त यशपाल मीणा सहित वरीय अधिकारियों की टीम ने गुरुवार को दीघा घाट से लेकर बिंद टोली, एलसीटी घाट, गोसाईं टोला एवं पूरे पटना टाउन प्रोटेक्शन वाल क्षेत्र का निरीक्षण कर इन क्षेत्रों में जलस्तर का जायजा लिया निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पटना शहर में पानी प्रवेश न करे, इसके लिए सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय तुरंत पूरे किए जाएँ। उन्होंने पटना टाउन प्रोटेक्शन वॉल में बने सभी 108 रास्तों को बंद करने का निर्देश दिया। जल संसाधन विभाग, नगर निगम एवं संबंधित टीमों को आपसी समन्वय के साथ इस कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने सलूईस गेटों के निरीक्षण के क्रम में कुछ स्थानों पर सीपेज पाए जाने पर जिलाधिकारी ने सभी 13 सलूईस गेट के लीकेज को बंद करवाया तथा संबंधित अधिकारियों को इसकी लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि जलस्तर में वृद्धि की स्थिति को देखते हुए सभी डीपीएस (ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन) को पूरी तरह क्रियाशील रखा जाए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर शहर से जल निकासी तत्काल की जा सके। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को 24 घंटे सतर्क एवं तैयार रहने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के क्रम में पाटलिपुत्र कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्रों में जल प्रवेश न करें इसलिए भी सभी व्यवस्था कर लेने को कहा गया । सदाकत आश्रम के समीप नाला के माध्यम से शहर की ओर पानी आने की संभावित स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग एवं नगर निगम की संयुक्त टीम को रातभर में नाला को बंद कर लेने का निदेश दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित