पटना , मार्च 28 -- पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. के निदेश पर पटना शहर में 01 अप्रैल से अतिक्रमण के विरूद्ध पुनः स्पेशल ड्राईव चलाया जाएगा।
अतिक्रमण-उन्मूलन अभियान का अप्रैल माह का कैलेंडर जारी कर जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने नौ टीम का गठन किया गया है। यह एक मल्टी-एजेंसी विशेष अभियान होगा जो पटना नगर निगम के छह अंचलों-नूतन राजधानी, पाटलिपुत्र, कंकड़बाग, बाँकीपुर, अजीमाबाद, पटना सिटी- के साथ नगर परिषद् खगौल, फुलवारीशरीफ एवं दानापुर निजामत में भी चलाया जाएगा। इसमें प्रशासन, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन, राजस्व, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, पुलिस, अग्निशाम, पुल निर्माण निगम, दूरसंचार, वन प्रमंडल, विद्युत सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने निदेश दिया है कि सभी सम्बद्ध पदाधिकारी अन्तर्विभागीय सुदृढ़ समन्वय एवं सार्थक संवाद स्थापित कर निदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों से जनहित में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमित तौर पर की जा रही है। उन्होंने कहा कि शहरी प्रबंधन इकाई के अधिकारियों को हर महीने अग्रिम तौर पर अतिक्रमण-उन्मूलन अभियान का कैलेंडर जारी कर जनहित में प्रभावी ढंग से अतिक्रमण हटाने तथा फॉलो-अप टीम को क्रियाशील रखने का निर्देश दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित