भभुआ , जुलाई 27 -- बिहार के कैमूर जिले में भभुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने उत्तर प्रदेश से पटना ले जाई जा रही करीब 10 लाख रुपये मूल्य की अवैध विदेशी शराब बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि रविवार की देर रात सूचना मिली कि ग्राम जिगनी पुल के पास एक कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और भभुआ थाना पुलिस ने निर्धारित स्थान पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कार से विभिन्न कंपनियों की 257.185 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इसके अलावा पुलिस ने कार से दो मोबाइल फोन और 35,400 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
पुलिस ने कार को जब्त करते हुए वाहन मालिक समेत दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान प्रवीण कुमार और राहुल कुमार के रूप में हुई है। प्रवीण कुमार शराब कारोबारी होने के साथ-साथ जब्त वाहन का मालिक भी है। दोनों तस्कर शराब की खेप लेकर पटना जिले के पालीगंज थाना क्षेत्र के पीपरदाहा बगला जा रहे थे। मामले की छानबीन की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित