पटना , मार्च 15 -- बिहार सरकार के मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एसबीआई पटना मैराथन 2026 का आयोजन रविवार को ऐतिहासिक गांधी मैदान में किया गया।

"रन फॉर नशामुक्त बिहार" थीम पर आयोजित इस मैराथन में लगभग 10 हज़ार से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशामुक्त और स्वस्थ बिहार के संकल्प को मजबूत समर्थन दिया।

मैराथन का उद्देश्य बिहार को नशामुक्त बनाने, लोगों में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम की शुरुआत एक ऊर्जावान जुम्बा सेशन से हुई, जिसने सभी प्रतिभागियों में उत्साह और ऊर्जा का संचार कर दिया।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी पी. वी. सिंधु, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, सचिव, मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग अजय यादव, आयुक्त उत्पाद-सह-निबंधन महानिरीक्षक अंशुल अग्रवाल,एसबीआई पटना सर्किल के चीफ जनरल मैनेजर अनुराग जोशी, जनरल मैनेजर नेटवर्क-साउथ बिहार रवींद्र कुमार श्रीवास्तव, जनरल मैनेजर नेटवर्क-नॉर्थ बिहार आर. नटराजन तथा जनरल मैनेजर नेटवर्क-झारखंड विवेक चंद्र जायसवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

मैराथन की शुरुआत प्रातः 3:30 बजे गांधी मैदान के गेट संख्या-01 से की गई। निर्धारित रूट गांधी मैदान से प्रारंभ होकर जेपी गंगा पथ और अटल पथ तक था। अटल पथ से यू-टर्न लेकर प्रतिभागी उसी मार्ग से वापस गांधी मैदान के गेट संख्या-01 तक पहुंचे, जहां फिनिशिंग लाइन पर दौड़ का समापन हुआ।

विभिन्न श्रेणियों की दौड़ को निर्धारित अंतराल पर गेट संख्या-01 से हरी झंडी दिखाकर प्रारंभ कराया गया।

मैराथन के सफल संचालन के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था तथा विधि-व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए थे। मार्ग पर दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए अस्थायी चिकित्सा शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टरों एवं कार्डियोलॉजिस्ट की व्यवस्था की गई थी। 10.5 किलोमीटर के बिंदु पर एंबुलेंस और चिकित्सकों की तैनाती के साथ-साथ पूरे मार्ग पर दो एंबुलेंस लगातार गतिमान रहीं। इसके अतिरिक्त पीएमसीएच, एनएमसीएच, इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान तथा इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में आकस्मिक चिकित्सा सेवाएं, ऑपरेशन थिएटर एवं ट्रॉमा सेंटर भी तैयार रखे गए थे।

42.2 किमी (फुल मैराथन) में प्रथम स्थान पर सादेम देसे हुसैन (इथियोपिया) रहे।

द्वितीय स्थान पर तेबेझे किनेटो वाशे (इथियोपिया) रहे।तृतीय स्थान: इसाया नदुंगु गिचोही (केन्या) को मिला। वहीं 21.2 किमी (हाफ मैराथन)एलीट पुरुष वर्ग में मुकेश भंभू पहले, नाफ्सेना एजेटा दूसरे और जॉन मुइंडे तीसरे स्थान पर रहे।

महिला वर्ग में प्रथम स्थान पर तामसी सिंह, दूसरे स्थान पर आकांक्षा सिंह और तीसरे स्थान पर अबेरू गेमेचू रही। इसी तरह 10 किमी दौड़ पुरुष वर्ग में पंकज यादव पहले,उत्तम कुमार दूसरे और संदीप यादव तीसरे स्थान पर रहे।महिला वर्ग में याशी सचान पहले,स्नेहा सिंह दूसरे और शिवानी कुमारी तीसरे स्थान पर रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित