पटना , मार्च 10 -- पटना मेट्रो रेल कारपोरेशन के उप-मुख्य सेवा सचिव सुधीर कुमार ने मंगलवार को पटना मेट्रो के प्राथमिकता कॉरिडोर के अंतर्गत आने वाले मलाही पकड़ी से खेमनीचक खंड का विस्तृत निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने खेमनीचक से मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो परिचालन शुरू करने की तैयारियों का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया।
निरीक्षण के क्रम में श्री कुमार ने सुरक्षा और विश्वसनीयता के उच्चतम मानकों को सुनिश्चित करने के लिये विभिन्न महत्वपूर्ण प्रणालियों और यात्री सुविधाओं की जांच की। उन्होंने यूपीएस कक्ष, लिफ्ट और एस्केलेटर, एएसएस कक्ष, एससीआर कक्ष तथा प्लेटफॉर्म स्तर का गहन निरीक्षण किया। इसके साथ ही कॉरिडोर के साथ ओएचई की ऊंचाई माप की भी समीक्षा की।
उन्होंने ईएंडएम प्रणालियों और अन्य तकनीकी प्रतिष्ठानों का भी बारीकी से निरीक्षण करते हुये अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये, जिससे मेट्रो सेवा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु हों।
अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकता कॉरिडोर पर लगातार हो रहे निरीक्षण और विभिन्न तकनीकी जांचों के कारण पटना मेट्रो परियोजना अपने परिचालन लक्ष्य के और करीब पहुंच रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित