पटना , जुलाई 14 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने अगमकुआँ थाना क्षेत्र से करीब 360 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद की है।पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को अगमकुआँ थाना को सूचना मिली कि ट्रांसपोर्ट नगर गेट संख्या-3 के सामने एक पिकअप वाहन से नशीले पदार्थों का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के निर्देशन में अगमकुआँ थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध पिकअप वाहन का पीछा कर उसे रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर 15 कार्टन में पैक लगभग 360 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया गया। मौके से चालक को गिरफ्तार कर लिया गया तथा तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया गया।

सूत्रों ने बताया कि इस संबंध में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित