पटना , सितंबर 29 -- बिहार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जिला शिक्षा कार्यालय की ओर से वार्षिक विद्यालय खेल कार्यक्रम 2026-27 के तहत जिलास्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आयोजन 30 सितंबर (बुधवार) से 04 अक्टूबर तक किया जाएगा। पांच दिवसीय प्रतियोगिता में 24 खेल विधाओं में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। करीब तीन हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। ये सभी प्रतियोगिताएं पटना के कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर समेत अन्य खेल आयोजन स्थलों पर होगी।

प्रतियोगिता का उद्घाटन 30 सितंबर को सुबह 9 बजे कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में होगा। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों की मार्च पास्ट होगी। उद्घाटन के बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग खेलों के मुकाबले शहर के विभिन्न खेल स्थलों पर कराए जाएंगे। क्रिकेट के बालक वर्ग में चयन ट्रायल भी आयोजित किया जाएगा।

प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे। कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थी इसमें शामिल हो सकते हैं। खिलाड़ियों की आयु की गणना 31 दिसंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। सरकारी विद्यालयों के अलावा मान्यता प्राप्त सीबीएसई और आईसीएसई विद्यालयों के विद्यार्थी भी प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे।

प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, खो-खो, शतरंज, वॉलीबॉल, कबड्डी, क्रिकेट, फुटबॉल, टेबल टेनिस, तीरंदाजी, सॉफ्टबॉल, साइकिलिंग, कुश्ती, भारोत्तोलन, योग, कराटे, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, वुशू, हॉकी, बास्केटबॉल, तैराकी, हैंडबॉल और रग्बी शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित