पटना , सितंबर 30 -- बिहार में पर्यटन, रोजगार, विमानन और उच्च तकनीकी शिक्षा के विस्तार को लेकर सम्राट मंत्रिमंडल ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये हैं, जिसके तहत पटना में 213.41 करोड़ रुपये की लागत से होटल ताज सिटी सेंटर के निर्माण को वित्तीय स्वीकृति, गंगा में विश्वस्तरीय क्रूज टर्मिनल के विकास के लिए पटना सिटी तथा पटना सदर अंचल में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण को भूमि लीज पर देने एवं राज्य की दीर्घकालिक विमानन नीति तैयार करने के लिए परामर्शी सेवा लेने की मंजूरी दी गई है।

मंत्रिमंडल सचिवालय के अपर मुख्य सचिव अरविंद चौधरी ने बताया कि सात निश्चय-3 के संकल्प 'दोगुना रोजगार-दोगुनी आय' के तहत कुशल युवा कार्यक्रम में संशोधन कर डिजिटल मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम लागू करने की स्वीकृति दी गई है। इसके तहत 270 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें व्यवहार कौशल, अंग्रेजी, कार्यस्थल नैतिकता, रोजगार तत्परता और ऑन जॉब ट्रेनिंग शामिल है। राष्ट्रीय कौशल योग्यता रूपरेखा (एनएसक्यूएफ) से मान्यता प्राप्त इस पाठ्यक्रम का प्रमाणीकरण एनसीवीईटी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप होगा। कार्यक्रम से प्रतिवर्ष 2,57,440 युवाओं को प्रशिक्षण देने तथा 4572 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। इसके संचालन के लिए सात निश्चय-2 की अवधि समाप्त होने के समय कार्यरत 871 कुशल युवा कार्यक्रम संचालकों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत संचालन की स्वीकृति दी गई है।

श्री चौधरी ने बताया कि पर्यटन क्षेत्र में निजी निवेश को प्रोत्साहन देने के लिए कोलकाता की मेसर्स उत्कर्ष स्फटिक लिमिटेड की पटना स्थित होटल ताज सिटी सेंटर परियोजना को बिहार पर्यटन नीति 2023 एवं मार्गदर्शिका 2024 के तहत 213.41 करोड़ रुपये की परियोजना लागत के आधार पर द्वितीय चरण की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही बिहार स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के संशोधित मेमोरेंडम ऑफ एसोसिएशन एवं आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन को कंपनी अधिनियम 2013 के अनुरूप स्वीकृति दी गई है।

अपर मुख्य सचिव ने बताया कि पटना सिटी अंचल के सबलपुर दियारा तथा पटना सदर अंचल के दुजरा दियारा में दो-दो एकड़ भूमि भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण को विश्वस्तरीय क्रूज टर्मिनल विकसित करने के लिए 25 वर्षों की अस्थायी लीज पर देने की स्वीकृति दी गई है। सबलपुर दियारा की भूमि के लिए 3.36 करोड़ रुपये सलामी एवं 16.80 लाख रुपये वार्षिक लगान तथा दुजरा दियारा के लिए 8.40 लाख रुपये सलामी एवं 42 हजार रुपये वार्षिक लगान निर्धारित किया गया है। दोनों मामलों में लीज नवीकरण का विकल्प भी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित