पटना , जून 01 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने सोमवार को कहा कि पार्टी की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक 21 जून 2026 को पटना में आयोजित की जाएगी, जिसमे पार्टी के राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला स्तर के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ राष्ट्रीय एवं राज्य परिषद के सदस्यों उपस्थित रहेंगे।

श्री प्रसाद ने कहा कि यह बैठक संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण और इसमें 25 जनवरी 2026 को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नीतीश कुमार के निर्वाचन पर राष्ट्रीय परिषद की औपचारिक मुहर लगने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इस बैठक में संगठन के सुदृढ़ीकरण, भावी राजनीतिक एवं संगठनात्मक रणनीति, सदस्यता विस्तार, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा जनहित के विभिन्न विषयों पर व्यापक चर्चा की जाएगी।

जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि दिनभर चलने वाले इस संगठनात्मक कार्यक्रम की शुरुआत पूर्वाह्न 10 बजे निवर्तमान राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक से होगी, जो 10.30 बजे तक चलेगी। इसके उपरांत पूर्वाह्न 10.30 बजे से 11.30 बजे तक निवर्तमान राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की जाएगी। पूर्वाह्न 11.45 बजे से बिहार की नव-निर्वाचित राज्य परिषद की बैठक प्रारंभ होगी, जिसमें राज्य संगठन से जुडे़ महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित