पटना , मई 27 -- बिहार के डेयरी, मत्स्य एवं पशुपालन विभाग ने राज्य के पशुपालक किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से सूकर विकास योजना के तहत अनुसूचित जाति वर्ग के 48 लाभुकों के बीच सूकरों का वितरण किया।डेयरी, मत्स्य एवं पशुपालन विभाग राज्य के पशुपालक किसानों की आय बढ़ाने के लिए तेजी से प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में आज पटना के 48 अनुसूचित जाति के लाभुकों के बीच सूकरों का वितरण किया गया है। सूकर विकास योजना के तहत प्रत्येक लाभुक को उन्नत नस्ल के दो मादा एवं एक नर सूकर दिया गया है। कुल 144 सूकरों का वितरण किया गया है। माना जा रहा है कि इससे अनुसूचित जाति वर्ग के पशुपालकों की आय बढ़ेगी और समावेशी विकास को बढ़ावा मिलेगा।
पशुपालन निदेशालय के अंतर्गत जिला पशुपालन कार्यालय, पटना द्वारा पालीगंज प्रखंड के 15 लाभुक, बिहटा प्रखंड के 8 लाभुक, फुलवारीशरीफ प्रखंड के 14 लाभुक, मसौढ़ी प्रखंड के 10 लाभुक एवं फतुहां प्रखंड के 1 लाभुक को इस योजना का लाभ दिया गया है। पटना जिले का कुल लक्ष्य अनुसूचित जाति कोटि के 75 लाभुक एवं अनुसूचित जनजाति के 30 लाभुक हैं, जिसमें से प्रथम चरण में 48 लाभुकों को सूकरों का वितरण किया गया है।
इस अवसर पर पशुपालन निदेशक उज्जवल कुमार सिंह एवं जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार मौजूद थे। इस दौरान पशुपालन निदेशक ने सभी लाभुकों को योजना के बारे में विस्तृत जानकारी भी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित