पटना , जून 04 -- बिहार में पटना जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र से पुलिस ने करीब सात करोड़ रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने गुरुवार को बताया कि बुधवार को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने सहयोगियों के साथ अवैध नशीले मादक पदार्थों की बड़ी खेप की आपूर्ति करने की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।गठित टीम ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर छापेमारी कर 06 किलो 630 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की। इसके अलावा एक देशी कट्टा, 10 कारतूस, 18 लाख 66 हजार 110 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, एक स्कॉर्पियो वाहन, चार जमीन संबंधी दस्तावेज, दो जमीन एग्रीमेंट पेपर तथा दो बैंक पासबुक भी जब्त किए गए।
श्री कुमार ने बताया कि बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित बाजार कीमत करीब सात करोड़ रुपये है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके नेटवर्क और अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है तथा पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित