पटना , सितंबर 6 -- बिहार की राजधानी पटना में रविवार को राज्य स्तरीय किन्नर महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया, जिसमें किन्नर समुदाय के कलाकारों ने नृत्य, संगीत और लोक कला की विविध प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया।
कला एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन, पटना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महोत्सव ने सामाजिक समावेशन, समानता और सम्मान का संदेश दिया।
प्रेमचंद रंगशाला में आज आयोजित महोत्सव का उद्घाटन विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला मंडल, विधायक श्याम रजक, पटना की महापौर सीता साहू, उपमहापौर रश्मि चंद्रवंशी, दोस्ताना सफर की संस्थापक रेशमा तथा किन्नर समुदाय की प्रतिनिधि मीरा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर नजारत उप समाहर्ता समेत कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कलाकार और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे।
महोत्सव का उद्देश्य किन्नर समुदाय की कला, प्रतिभा और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को सम्मानजनक मंच उपलब्ध कराने के साथ समाज में समानता, सम्मान और समावेशिता की भावना को मजबूत करना था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित