पटना , नवंबर 24 -- राजधानी पटना में रविवार को मौसम का मिज़ाज थोड़ा बदला- बदला सा नज़र आया।

दोपहर में तेज़ धूप कमज़ोर पड़ी, जबकि पछुआ हवा चलने से लोगों को ठंड का अहसास हुआ। शहर का अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम रहा।

बिहार के कई जिलों में भी तापमान में उतार- चढ़ाव देखने को मिल रहा है। सबसे अधिक 31.2 डिग्री सेल्सियस तापमान फारबिसगंज में दर्ज किया गया, जबकि किशनगंज 12.3 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा। गया जी और पूर्णिया में सुबह घना कोहरा छाया रहा। गया जी में कोहरे की वजह से न्यूनतम दृश्यता 600 मीटर तक सीमित हो गई, जिससे सुबह यातायात पर भी हल्का असर पड़ा।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जब तक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं होता, बिहार में कड़ाके की ठंड में बड़ी बढ़ोतरी नहीं होगी। हालांकि, आगामी 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना जताई गई है। इसके बाद तापमान स्थिर रहने का अनुमान है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दो दिनों में सुबह और रात की ठंड में बढ़ोतरी होगा। सर्द हवाओं के कारण लोगों को सुबह- शाम अधिक ठिठुरन महसूस हो सकती है। हल्के बदलावों वाला मौसम फिलहाल कुछ दिन और यूं ही बने रहने के आसार हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित