पटना , अगस्त 25 -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव रामनरेश पांडेय ने पटना में छात्रों के प्रदर्शन पर हुए पानी के बौछार, पुलिस लाठीचार्ज और गिरफ्तारी की कड़े शब्दों में निंदा की है।
श्री पांडेय ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भारी पुलिस बल का इस्तेमाल करना, भाजपा सरकार की लोकतंत्र के प्रति घोर अवमानना को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र संवाद से कायम रहता है, दमन से नहीं। भाजपा सरकार जन आंदोलन को लाठी के बल पर दबाना चाहती है।
भाकपा नेता ने कहा कि बिहार लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक की ओर से छात्रों पर की गई टिप्पणी की भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी निंदा करती है और उन पर कठोर कार्रवाई की मांग करती है। उन्होंने मांग की कि सरकार गिरफ्तार एआईएसएफ राज्य अध्यक्ष सुधीर कुमार सहित सभी छात्र नेताओं को बिना शर्त रिहा करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित