पटना , जनवरी 21 -- ग्रामीण डाकघरों की सेवाओं की गुणवत्ता सुधार, डाक बचत बैंक योजनाओं के विस्तार तथा पीएलआई/आरपीएलआई के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से बुधवार को डाक महामेला का आयोजन किया गया।

डाक विभाग, भारत सरकार के तत्वावधान में पटना डाक प्रमंडल में पंडित मदन मोहन मालवीय डाक संस्कृति केंद्र, आर. ब्लॉक में आज डाक महामेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पटना मंडल के सभी शाखा डाकपालों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक हुई, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवाओं, बचत बैंक व बीमा योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति पर चर्चा कर सेवा सुधार के लिये आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि मुख्य डाक महाध्यक्ष, बिहार परिमंडल एम. यू. अब्दाली ने कहा कि डाक बचत बैंक ग्रामीण भारत की आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार है और डाक बचत खाते, आवर्ती जमा, सावधि जमा, मासिक आय योजना, सुकन्या समृद्धि योजना तथा वरिष्ठ नागरिक बचत योजना के माध्यम से सुरक्षित निवेश के लिए आमजन को प्रेरित करने पर जोर दिया। उन्होंने पीएलआई/आरपीएलआई को ग्रामीण परिवारों के लिए भरोसेमंद बीमा सुरक्षा बताया।

विशिष्ट अतिथि पवन कुमार, निदेशक डाक सेवाएँ (मुख्यालय), बिहार ने योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार, ग्राहकों को सटीक जानकारी देने तथा डिजिटल सेवाओं के अधिकतम उपयोग पर बल दिया।

वरिष्ठ डाक अधीक्षक मनीष कुमार ने शाखा डाकपालों से जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान डाक बचत बैंक एवं पीएलआई/आरपीएलआई योजनाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले डाकपालों, शाखा डाकपालों एवं डायरेक्ट एजेंटों को उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन और लक्ष्य प्राप्ति के लिए सम्मानित किया गया। इस मौके पर उपाधीक्षक अरुण कुमार गांधी, सहायक डाक अधीक्षक कन्हैया प्रसाद सिंह, सहायक डाक अधीक्षक विकास कुमार, निरीक्षक डाकघर तबरेज आलम तथा सतीश कुमार (ग्राहक संतुष्टि) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

डाक महामेला के दौरान पूरे प्रमंडल में व्यापक जनभागीदारी देखी गई; इस दौरान लगभग 20,000 से अधिक नए खाते खोले गए और 200 से अधिक लोगों का बीमा कराया गया।

कार्यक्रम में बाल आधार बनवाने, गंगोत्री का गंगाजल उपलब्ध कराने तथा नि:शुल्क स्वास्थ्य और नेत्र परीक्षण जैसी सेवाएँ भी प्रदान की गईं। आयोजन का समापन ग्रामीण क्षेत्रों में डाक बचत एवं बीमा योजनाओं को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित