पटना , अक्टूबर 05 -- छठ पूजा के पावन महापर्व की तैयारियों को लेकर पटना नगर निगम ने व्यापक इंतजाम शुरू कर दिए हैं।
पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेष कुमार पाराशर के निर्देश पर रविवार को कार्यपालक पदाधिकारी एवं अभियंता द्वारा दीघा से लेकर पटना सिटी तक के सभी घाटों की सघन जांच की गई।लगभग 91 गंगा घाटों और 62 तालाबों को व्रतियों के लिए तैयार किया जाता है। इन घाटों को सुरक्षित और स्वच्छ बनाया जा रहा है। पटना नगर निगम द्वारा ने घाटों की सफाई, निर्माण, मरम्मत और सजावट पर 13 करोड़ 91 लाख रुपये से अधिक की राशि व्यय की जायेगी।
रविवार से ही सभी घाटों के जल स्तर की जांच शुरू कर दी है। गंगा का बढ़ा हुआ जल स्तर इस बार एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। सभी अंचलों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर घाटों की स्थिति का जायजा लिया और संवेदकों को युद्ध स्तर पर कार्य करने का निर्देश दिया। इस दौरान कार्यपालक पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता और संवेदक भी मौजूद रहे।
श्री पाराशर द्वारा निर्देश दिया गया कि घाट निर्माण के साथ सभी घाटों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। इसके लिये घाटों और उनके आस-पास के क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्ट्रीट लाइटों का सर्वे और मरम्मत का कार्य शुरू किया गया है। गौरतलब है कि दीघा से दमराई घाट ( पटना सिटी) तक के क्षेत्र में 49 हाई मास्ट लाइट और कलेक्ट्रेट से दमराई घाट तक लगभग 620 स्ट्रीट लाइट लगी हैं, जिनकी नियमित जांच की जा रही है। इसके अतिरिक्त घाटों के एप्रोच रोड पर भी सभी स्थित स्ट्रीट लाइट का सर्वे एवं उसकी मरम्मत की जा रही है। गंगा घाटों की रोशनी की देखभाल के लिए एक अलग टीम को नियुक्त किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित