पटना , अप्रैल 08 -- बिहार की राजधानी पटना में जल्द ही राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड (एनएफडीबी), हैदराबाद का क्षेत्रीय कार्यालय खुलने जा रहा है।

यह निर्णय नई दिल्ली के कृषि भवन में केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया है। माना जा रहा है कि इस क्षेत्रीय कार्यालय से राज्य में मछली पालन और डेयरी विकास को नई गति मिलेगी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि पटना में जब तक इस क्षेत्रीय कार्यालय के लिए भवन चिह्नित नहीं हो जाता है तब तक मीठापुर स्थित मत्स्य भवन से इसका संचालन किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, पीएम मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना और मत्स्य पालन एवं एक्वाकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के सुचारू संचालन पर विस्तृत चर्चा की गई। इस बैठक का उद्देश्य बिहार में मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र के समग्र विकास की समीक्षा करना तथा केंद्रीय योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित करना था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित