पटना , नवंबर 30 -- पटना के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम के निर्देश पर राजधानी में सोमवार, एक दिसंबर से अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जायेगा।
शहर को जाम और अव्यवस्था से मुक्त करने के लिये यह एक मल्टी- एजेंसी विशेष अभियान होगा, जिसमें प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और अन्य संबद्ध विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करेंगे।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिये कुल नौ विशेष टीमों का गठन किया गया है। पटना नगर निगम के छह अंचलों नूतन राजधानी अंचल, पाटलिपुत्र अंचल, कंकड़बाग अंचल, बांकीपुर अंचल, अजीमाबाद अंचल और पटना सिटी अंचल में यह ड्राइव संचालित होगी।
इसके अतिरिक्त नगर परिषद खगौल, फुलवारीशरीफ एवं दानापुर निजामत क्षेत्रों में भी अभियान समान रूप से चलाया जायेगा।
जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आदतन अतिक्रमणकारियों की पहचान कर उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाये। साथ ही दुबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज की जायेगी, जिससे ऐसी गतिविधियों पर स्थायी रोक लगाई जा सके।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान यातायात पुलिस विशेष वाहन चेकिंग ड्राइव भी चलायेगी। इसका उद्देश्य मुख्य मार्गों पर सुचारू यातायात सुनिश्चित करना और अवैध पार्किंग पर लगाम लगाना है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अभियान के दौरान सभी संबंधित स्टेक होल्डर्स से सार्थक संवाद, विभागों के बीच मजबूत समन्वय और आम जनता की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ख्याल रखा जाये।
प्रशासन का कहना है कि यह अभियान न केवल अतिक्रमण हटाने के लिए है, बल्कि शहर को अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित