पटना , जून 15 -- िहार में पटना जिले की शास्त्रीनगर थाना की पुलिस ने अवैध एलपीजी गैस सिलेंडर और विदेशी शराब के भंडारण का खुलासा करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है।इस संबंध में सचिवालय-1 की अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. अनु कुमारी ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए सोमवार को बताया कि 14 जून को रवि चौक, पटेल नगर स्थित एक घर में अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडरों का भंडारण कर कालाबाजारी किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए शास्त्रीनगर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम तथा आपूर्ति निरीक्षक ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. अनु कुमारी ने बताया कि छापेमारी के दौरान घर से भारत गैस, इंडेन और एचपी कंपनी के कुल 56 एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा मौके से 294 लीटर अवैध विदेशी शराब भी जब्त की गई।
पुलिस ने इस मामले में पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित