पटना , मई 27 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए धनरूआ थाना क्षेत्र में संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार की निगरानी में पूर्वी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को पटना पुलिस ने बिहार विशेष कार्य बल (एसटीएफ )के सहयोग से धनरूआ थाना क्षेत्र में छापेमारी की।

सूत्रों ने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से एक देशी रायफल, एक लोहे का बना देशी कट्टा, चार अर्धनिर्मित देसी कट्टा, एक मिस फायर कारतूस, दो खोखा और दो अर्धनिर्मित कारतूस बरामद किए गए।इसके अलावा हथियार निर्माण में प्रयुक्त तीन भाईस, एक फर्नेश, 12 बड़ा रेती, 10 छोटा रेती, चार हेक्सा, तीन हेक्सा ब्लेड, एक इलेक्ट्रिक हैंड ग्राइंडर मशीन, दो आरी, एक लोहे का बीट, एक प्लास समेत अन्य उपकरण और सामग्री भी जब्त की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित