पटना , जुलाई 10 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने धनरुआ थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 5.1 किलोग्राम गांजा बरामद किया है तथा एक व्यक्ति को देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है।पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में धनरुआ थाना पुलिस को सूचना मिली कि सिमाड़ी खुर्द गांव में एक व्यक्ति ने अपने घर में अवैध रूप से गांजा रखा है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-02, मसौढ़ी के निर्देशन तथा धनरुआ थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी कर 5.1 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसे जब्त कर लिया गया।
सूत्रों ने बताया कि एक अन्य मामले में धनरुआ थाना पुलिस को सूचना मिली कि रसलपुर गांव में एक व्यक्ति आपसी विवाद के दौरान अवैध हथियार दिखाकर लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को एक देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित