पटना , जनवरी 14 -- पटना नगर निगम ने स्वच्छ शहर के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मकर संक्रांति के पावन अवसर पर 'स्वच्छता भोज' का आयोजन किया।

इस अवसर पर पटना नगर निगम के सभी अंचलों में स्वच्छता भोज कार्यक्रम आयोजित किया गया।

आज आयोजित स्वच्छता भोज में पटना नगर निगम के अधिकारीगण एवं सफाई कर्मी शामिल हुए। 'स्वच्छता भोज' के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी और एक महत्वपूर्ण सामाजिक संस्कार है।

आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से पटना नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिस तरह पर्व-त्योहार हम स्वच्छता, पवित्रता और उल्लास के साथ मनाते हैं, उसी तरह अपने घर, गली, मोहल्ले और पूरे शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी भी सामूहिक रूप से निभायें।

नगर आयुक्त, पटना नगर निगम यशपाल मीणा ने स्वच्छता कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ बताया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा, जिससे पटना को एक स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर के रूप में विकसित किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित