पटना , जुलाई 08 -- र्षा के दौरान डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया सहित अन्य मच्छरजनित एवं जलजनित बीमारियों के संभावित प्रसार को रोकने के उद्देश्य से पटना नगर निगम की ओर सै सभी वार्डों में प्रतिदिन दो पालियों में व्यापक स्तर पर फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा का डोर-टू-डोर छिड़काव अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान पूरे नगर निगम क्षेत्र में निर्धारित माइक्रो प्लान एवं रोस्टर के अनुसार नियमित रूप से चलाया जा रहा है।
नगर निगम द्वारा केवल आवासीय के साथ साथ सार्वजनिक स्थलों, व्यावसायिक परिसरों तथा संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान के तहत मॉल, बाजार, कार्यालय परिसर, अपार्टमेंट, खुले प्लॉट, निर्माणाधीन स्थल, खुले एवं बंद नाले, जलजमाव वाले क्षेत्र तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा का छिड़काव किया जा रहा है।इसके अतिरिक्त, नगर निगम द्वारा ठोस अपशिष्ट (जीवीपी) हटाने के बाद संबंधित स्थलों पर संक्रमण की रोकथाम एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चूना-ब्लीचिंग सहित अन्य कीटाणुनाशक रसायनों का भी नियमित छिड़काव कराया जा रहा है।
पटना नगर निगम क्षेत्र के सभी अंचलों में फॉगिंग अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए कुल 58 वाहन-माउंटेड फॉगिंग मशीनें उपलब्ध हैं।
इसके अतिरिक्त, प्रत्येक वार्ड के लिए एक-एक हैंड-माउंटेड फॉगिंग मशीन उपलब्ध कराई गई है, जिससे संकरी गलियों, आवासीय परिसरों एवं ऐसे क्षेत्रों में भी प्रभावी फॉगिंग सुनिश्चित की जा रही है, जहां वाहन-माउंटेड मशीनों की पहुंच संभव नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित