पटना , जुलाई 27 -- हर को स्वच्छ, सुरक्षित और डेंगू जैसी मौसमी बीमारियों से मुक्त रखने के उद्देश्य से पटना नगर निगम ने सोमवार को अपने सभी अंचलों में विशेष सघन सफाई एवं डेंगू नियंत्रण अभियान चलाया। यह अभियान नगर निगम की नियमित सफाई व्यवस्था के अतिरिक्त आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा डेंगू एवं डायरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करना था।

अभियान के दौरान शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, मुख्य सड़कों, गलियों, कॉलोनियों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाकर कूड़े- कचरे का निष्पादन किया गया। वहीं, सफाई कार्य पूर्ण होने के बाद सभी स्थानों पर चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, फॉगिंग तथा एंटी-लार्वा स्प्रे भी कराया गया।

नगर निगम की ओर से अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों को भी जागरूक किया गया। लोगों से अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने, कहीं भी जलभराव नहीं होने देने, पानी जमा होने वाले बर्तनों, टायरों एवं अन्य स्थानों की नियमित सफाई करने तथा डेंगू और डायरिया से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आवश्यक सावधानियों का पालन करने की अपील की गई।

पाटलिपुत्र अंचल में सिन्हा लाइब्रेरी रोड, बुद्ध मार्ग, पी एंड टी कॉलोनी, आदर्श कॉलोनी, किदवईपुरी, दुजरा, आईएएस कॉलोनी तथा छज्जूबाग सहित कई क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में 255 सफाई मजदूरों ने हिस्सा लिया। सफाई कार्य के लिए 8 टाटा-407 वाहन, 8 क्लोज टिपर, 4 जेसीबी, 4 बॉबकैट, 2 स्प्रिंकलर तथा 2 स्मोक गन का उपयोग किया गया। अभियान के दौरान लगभग 12 टन कचरे की सफाई की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित