पटना, 01नवंबर (वार्ता)पटना नगर निगम ने राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है।वित्तीय वर्ष 2026-27 में 01 अप्रैल से 31 अक्टूबर 2026 तक निगम को संपत्ति कर के रूप में 80.79 करोड़ रूपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में यह राशि 56.28 रूपये करोड़ थी। इस प्रकार संपत्ति कर संग्रह में करीब 43.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। पिछले वर्ष की तुलना में निगम ने इस अवधि में 24.52 करोड़ रूपये अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में 01 अप्रैल से 31 अक्टूबर तक कुल 1,55,260 होल्डिंग्स से संपत्ति कर प्राप्त हुआ था। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष की समान अवधि में यह संख्या बढ़कर 1,74,363 हो गई है। यानी पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 19 हजार से अधिक होल्डिंग्स से संपत्ति कर का भुगतान प्राप्त हुआ है।
पटना नगर निगम द्वारा अक्टूबर माह में कुल 1398 नई संपत्तियों को कर के दायरे में लाया गया है। सबसे अधिक पाटलिपुत्र अंचल में 389 संपत्तियों का कर निर्धारण किया गया है। वहीं, अजीमाबाद में 279, कंकड़बाग में 266, नूतन राजधानी में 234, बांकीपुर में 134 एवं पटना सिटी में 96 संपत्तियों का कर निर्धारण किया गया।
इस उपलब्धि में पटना नगर निगम द्वारा चलाए गए डोर-टू-डोर संपर्क अभियान और वार्ड-वार संपत्ति कर संग्रह शिविरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। निगम की टीमों द्वारा घर-घर पहुंचकर नागरिकों को संपत्ति कर भुगतान के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, वार्ड स्तर पर शिविर लगाकर नागरिकों को अपने ही क्षेत्र में कर भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित