पटना , जुलाई 23 -- टना नगर निगम की ओर से संपत्ति कर संग्रहण को लेकर चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान के सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में एक जुलाई 2026 से 22 जुलाई 2026 तक कुल 9,634 संपत्तिधारकों ने 3.61 करोड़ रुपये का संपत्ति कर जमा किया है। तुलनात्मक रूप से, पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि (एक जुलाई 2025 से 22 जुलाई 2025) में 9,431 संपत्तिधारकों द्वारा 2.89 करोड़ रुपये का संपत्ति कर जमा किया गया था।

पटना नगर निगम द्वारा प्रतिदिन संपत्तिधारकों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर उन्हें समय पर संपत्ति कर जमा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न माध्यमों से नागरिकों को समयबद्ध कर भुगतान के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। इसी सतत प्रयास का परिणाम है कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में एक अप्रैल 2026 से 22 जुलाई 2026 तक कुल 51.76 करोड़ रुपये का संपत्ति कर संग्रहित किया गया है, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में यह राशि 45.43 करोड़ रुपये थी।

बिहार नगरपालिका संपत्ति कर नियमावली के अनुसार, एक अक्टूबर के बाद होल्डिंग टैक्स (संपत्ति कर) जमा करने पर बकाया मूल राशि पर 1.5 प्रतिशत प्रतिमाह की दर से अतिरिक्त जुर्माना (ब्याज) देय होगा। समय पर कर जमा नहीं करने पर यह अतिरिक्त राशि प्रत्येक माह बढ़ती जाएगी।

पटना नगर निगम सभी संपत्तिधारकों से अपील करता है कि वे अनावश्यक जुर्माने से बचने के लिए अपना संपत्ति कर निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन किसी भी सुविधाजनक माध्यम से अवश्य जमा करें। समय पर कर भुगतान न केवल नागरिकों की जिम्मेदारी है, बल्कि इससे शहर में बेहतर आधारभूत सुविधाओं एवं जनसेवाओं के विकास को भी गति मिलती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित