पटना , जुलाई 02 -- टना नगर निगम ने सफाई कर्मियों के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए गुरुवार को 'मिशन उड़ान' के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों के लिए विशेष काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया। इस अवसर पर नगर निगम के वरीय अधिकारियों ने 75 विद्यार्थियों को देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी विस्तृत जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
काउंसलिंग सत्र के दौरान विद्यार्थियों को इन प्रतियोगी परीक्षाओं के पाठ्यक्रम (सिलेबस), परीक्षा की रूपरेखा, अध्ययन सामग्री, तैयारी की रणनीति तथा सफलता के लिए आवश्यक अध्ययन पद्धति के बारे में विस्तार से बताया गया।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, नियमित रिवीजन, नोट्स तैयार करने की तकनीक, मॉक टेस्ट के महत्व तथा आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी उपयोगी सुझाव दिए।
कार्यक्रम में विशेष रूप से आमंत्रित रेडियो मिर्ची के लोकप्रिय आरजे शशि ने विद्यार्थियों को प्रभावी संचार कौशल, भाषाई दक्षता तथा व्यक्तित्व विकास से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं के इंटरव्यू चरण में बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक व्यवहारिक कौशल, आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति की कला पर चर्चा करते हुए अपने व्यक्तिगत अनुभव भी साझा किए, जिससे विद्यार्थियों को काफी प्रेरणा मिली।
इस अवसर पर नगर निगम के सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने-अपने प्रतियोगी परीक्षा के अनुभव साझा किए और विद्यार्थियों को सफलता के लिए आवश्यक व्यावहारिक टिप्स दिए। काउंसलिंग सत्र पूरी तरह संवादात्मक रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, अध्ययन सामग्री, समय प्रबंधन, करियर विकल्प तथा परीक्षा रणनीति से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे। अधिकारियों ने सभी जिज्ञासाओं का विस्तारपूर्वक समाधान करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
उल्लेखनीय है कि पटना नगर निगम केवल शहर की स्वच्छता सुनिश्चित करने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि सफाई कर्मियों एवं उनके परिवारों के सामाजिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है। इसी उद्देश्य से मिशन उड़ान की शुरुआत की गई है। इस पहल के माध्यम से सफाई कर्मियों के प्रतिभाशाली बच्चों को प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक शैक्षणिक संसाधन, विशेषज्ञ मार्गदर्शन, काउंसलिंग एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे वे अपने सपनों को साकार कर समाज में एक नई पहचान बना सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित