पटना , मई 22 -- टना नगर निगम ने शुक्रवार को अतिक्रमण के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाते हुए कुर्जी क्षेत्र में लगभग एक बीघा भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया। अभियान के तहत गंगा तट के समीप अवस्थित निसान एवं किया के दो कार शोरूमों को ध्वस्त किया गया। उक्त दोनों संरचनाएं राष्ट्रीय हरित अधिकरण की गाइडलाइन्स तथा भवन निर्माण उपविधियों (बिल्डिंग बाइलॉज) का उल्लंघन करते हुए निर्मित की गई थीं, जिसके विरुद्ध निगम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा के सतत निर्देशन एवं निगरानी में संपन्न कराई गई। शुक्रवार सुबह लगभग छह बजे प्रारंभ हुए अभियान के दौरान निगम के सभी अपर नगर आयुक्त, सभी उप नगर आयुक्त, पाटलिपुत्र, बांकीपुर एवं पटना सिटी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी तथा 10 दंडाधिकारी की उपस्थिति में कार्रवाई की गई। अभियान के सफल संचालन के लिये जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए लगभग 100 सुरक्षा कर्मियों की भी तैनाती की गई थी।
ध्वस्तीकरण कार्य के लिये छह जेसीबी, एक पोकलेन, एक हाइड्रा एवं एक वाइब्रेटर मशीन का उपयोग किया गया। मशीनों की सहायता से अवैध संरचनाओं को हटाकर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया।
गौरतलब है कि पटना नगर निगम द्वारा विगत कई दिनों से शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुद्धा कॉलोनी स्थित बीडी पब्लिक स्कूल के समीप एकता मॉल के लिये स्वीकृत भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने की कार्रवाई भी की जा रही है। उक्त अभियान के अंतर्गत अब तक लगभग 30 मकानों एवं पांच खटालों को हटाया जा चुका है, जबकि अन्य अवैध स्थायी संरचनाओं को भी हटाने की कार्रवाई जारी है।
पटना नगर निगम द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा, नियमों के विरुद्ध निर्माण तथा पर्यावरणीय मानकों के उल्लंघन के विरुद्ध आगे भी नियमित एवं सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित