पटना , मई 05 -- राजधानी की ट्रैफिक पुलिस को दो एंबुलेंस की सुविधा प्रदान की गई है, जिसकी मदद से किसी सड़क दुर्घटना के दौरान आपात स्थिति में मरीजों को नजदीकी अस्पताल तक पहुंचाने में काफी सहूलियत होगी।
पुलिस मुख्यालय सरदार पटेल भवन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार औश्र एडीजी (ट्रैफिक) सुधांशु कुमार ने गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इन दोनों गाड़ियों को कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिब्लिटी फंड के तहत चोला मंडलम जनरल इंश्योरेंस कंपनी की तरफ से पुलिस विभाग को प्रदान किया गया है। इसे लेकर डीजीपी और कंपनी के एमडी वी सूर्यनारायणन ने एक समझौता पत्र पर हस्ताक्षर भी किया गया है।
कार्यक्रम के बाद एडीजी (ट्रैफिक) सुधांशु कुमार ने पत्रकारों को संबोधित करते हुये कहा कि 24 घंटे यह एंबुलेंस प्रमुख सड़कों पर तैनात रहेगी, खासकर अटल पथ, पाटलि पथ, जेपी गंगा पथ के प्रमुख हिस्सों पर मौजूद रहेंगे। जहां जैसी जरूरत पड़ेगी, वहां इन एंबुलेंस को भेजकर जल्द से जल्द पीड़ितों को सहायता मुहैया कराई जाएगी। इसमें ट्रैफिक पुलिस के अलावा स्वास्थ्य विभाग के स्तर से प्रशिक्षित कर्मी भी मौजूद रहेंगे, जिससे तुरंत घायलों को प्राथमिक उपचार प्रदान कराया जा सके। उन्होंने कहा कि पटना सड़क दुर्घटना में देश के टॉप-100 शहरों में आता है। इस वजह से दुर्घटना के बाद पीड़ितों को शुरुआती के कुछ घंटों यानी गोल्डन ऑवर के दौरान चिकित्सीय सहायता मुहैया कराने के लिए यह व्यवस्था की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित