पटना , अक्टूबर 25 -- टना जू में आने वाले पर्यटकों और वन्यजीव प्रेमियों के भ्रमण को अधिक सुविधाजनक और सुखद बनाने के लिए नई सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उद्यान परिसर में दो अत्याधुनिक फूड कियोस्क और एक सोवेनियर शॉप तैयार की जा रही है। इन सुविधाओं को जल्द ही आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी है। इससे पर्यटकों को खानपान के साथ-साथ जू और वन्यजीवों से जुड़ी यादगार वस्तुएं खरीदने का अवसर मिलेगा।

जू परिसर में बन रही सोवेनियर शॉप पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण होगी। यहां पटना जू के लोगो वाली टी-शर्ट, कैप, मग, की-रिंग, वन्यजीवों के खिलौने, हस्तशिल्प और ज्ञानवर्धक पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य पर्यटकों को यादगार वस्तुएं उपलब्ध कराने के साथ ही खासकर बच्चों में प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

पर्यटकों को बेहतर खानपान की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए परिसर में दो नए फूड कियोस्क शुरू किए जा रहे हैं। यहां स्वच्छ वातावरण में स्नैक्स और पेय पदार्थ उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही जू परिसर में जगह-जगह आधुनिक आरओ वाटर प्यूरिफायर लगाए गए हैं, ताकि पर्यटकों को शुद्ध और शीतल पेयजल मिल सके। इससे गर्मी और धूप के दौरान घूमने वाले लोगों को राहत मिलेगी।

जू में आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्राकृतिक परिवेश के अनुकूल बैठने की व्यवस्था की गई है। परिसर में नेचुरल बेंच और छायादार शेड तैयार किए गए हैं। इन्हें पेड़-पौधों के बीच इस तरह बनाया गया है, ताकि उद्यान की प्राकृतिक सुंदरता बरकरार रहे और पर्यटकों को घूमने के दौरान आराम करने के लिए उपयुक्त स्थान मिल सके।

इन सुविधाओं के शुरू होने से पटना जू में पर्यटकों का भ्रमण अनुभव और बेहतर होने की उम्मीद है। खानपान, पेयजल, विश्राम और खरीदारी की सुविधाएं उपलब्ध होने से जू की यात्रा अधिक आरामदायक और यादगार बन सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित