पटना , फरवरी 14 -- भारत सरकार, संचार मंत्रालय, डाक विभाग के तत्वावधान में शनिवार को पटना जी.पी.ओ. परिसर में "डाक महोत्सव" का भव्य आयोजन किया गया।

यह आयोजन आम जनता को डाकघर की विभिन्न सेवाओं से जोड़ने के लिये एक समेकित एवं व्यापक प्रयास के रूप में संपन्न हुआ। इस अवसर पर रंजय कुमार सिंह, मुख्य डाकपाल, पटना जी.पी.ओ. ने डाक विभाग की उपलब्धियों एवं जनसेवा उन्मुख पहलों की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि मुख्य पोस्टमास्टर जनरल एम. यू. अब्दाली ने कहा कि डाक विभाग पारंपरिक सेवाओं के साथ-साथ आधुनिक एवं डिजिटल सेवाओं के माध्यम से जन-जन तक अपनी पहुंच सुदृढ़ कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से डाकघर की बचत योजनाओं, डाक जीवन बीमा , आधार सेवा, पासपोर्ट सेवा, स्पीड पोस्ट एवं इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक जैसी सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

निदेशक डाक सेवाएं, बिहार पवन कुमार ने कहा कि डाकघर आम जनता का विश्वासपात्र संस्थान है, जो ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में समान रूप से सेवाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने बताया कि डाक महोत्सव के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं की जानकारी एवं सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे आम नागरिकों को विशेष लाभ हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित