पटना , अक्टूबर 14 -- ाजधानी पटना पर बढ़ते आबादी के दबाव और शहरीकरण की चुनौतियों को देखते हुए राज्य सरकार ने पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने का निर्णय लिया है।इस नए शहर को आधुनिक शहरी सुविधाओं से युक्त बनाने की योजना है। टाउनशिप में लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ व्यवस्थित शहरी विकास पर जोर दिया जाएगा।

नगर विकास एवं आवास विभाग के अनुसार, प्रस्तावित टाउनशिप में चौड़ी सड़कें, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल और सुचारु जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इसके अलावा खेलकूद और मनोरंजन के लिए आवश्यक व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे लोगों को बेहतर जीवनशैली के अनुकूल वातावरण मिल सके। वर्तमान में टाउनशिप का ज्यादातर इलाका ग्रामीण है। इसे 66 लाख आबादी को ध्यान में रखकर 2047 तक विकसित करने का लक्ष्य है। इसकी परिधि में दो नगर निकाय, नौ प्रखंड और 274 गांव आ रहे हैं। बीस साल में यह विकसित हो जाएगा।

नए शहर में आधुनिक अस्पतालों और कॉलेजों सहित अन्य आवश्यक संस्थागत सुविधाओं के विकास की भी परिकल्पना की गई है। इससे स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

राजधानी पर बढ़ते शहरी दबाव को कम करने के उद्देश्य से सरकार ने सैटेलाइट टाउनशिप बनाने का निर्णय लिया है, जिससे कि आधुनिक आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं के विकास के माध्यम से यहां लोगों को बेहतर आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इस टाउनशिप के लिए मास्टर प्लान के प्रारूप पर आपत्ति एवं सुझाव देने की प्रक्रिया शुरू हो गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित