पटना, अप्रैल 16 -- महिलाओं के सशक्तिकरण एवं सुरक्षित आवासीय सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत गया में "कामकाजी महिला छात्रावास (आकांक्षा-सह-सखी निवास)" का उद्घाटन गुरूवार को वर्चुअल माध्यम से किया गया।
इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग की सचिव सह महिला एवं बाल विकास निगम की प्रबंध निदेशक श्रीमती बन्दना प्रेयषी ने पटना से वर्चुअल माध्यम से छात्रावास का उद्घाटन किया। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान गया में स्थानीय टीम एवं पदाधिकारीगण स्थल पर उपस्थित थे।
यह छात्रावास राज्य सरकार की "मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना" एवं केंद्र सरकार की "मिशन शक्ति योजना" के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं किफायती आवासीय सुविधा उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर श्रीमती बन्दना प्रेयषी ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं की सरकारी एवं गैर-सरकारी क्षेत्रों में बढ़ती सहभागिता को दृष्टिगत रखते हुए कार्यस्थल के निकट सुरक्षित एवं सुलभ आवास की आवश्यकता अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। इसी परिप्रेक्ष्य में इस छात्रावास की स्थापना की गई है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक पहल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित