बैतूल , अक्टूबर 23 -- नागपुर से यात्रा पर निकले 28 वर्षीय डेटा एनालिस्ट ऋषभ लोहार की पटना एक्सप्रेस में सफर के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना बैतूल रेलवे स्टेशन के समीप की है। ऋषभ नागपुर से इटारसी जा रहे थे और वहां से दूसरी ट्रेन से आगे नेपाल जाने की योजना थी।

परिजनों के अनुसार, महाराष्ट्र के नागपुर निवासी ऋषभ एक निजी कंपनी में डेटा एनालिस्ट के पद पर कार्यरत थे। यात्रा के दौरान एसी कोच में उन्हें घबराहट, बेचैनी और सांस लेने में परेशानी महसूस हुई। इसके बाद वह सो गए। बैतूल स्टेशन के नजदीक पहुंचने पर उन्हें झटके आने लगे। सहयात्रियों ने इसकी सूचना ट्रेन के गार्ड को दी।

सूचना मिलने पर रेलवे स्टाफ और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) सक्रिय हुई। बैतूल स्टेशन पर ट्रेन रुकने के बाद जीआरपी ने अचेत अवस्था में युवक को नीचे उतारा और एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। ऋषभ दो भाइयों में बड़े थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। मौत के स्पष्ट कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित