पटना , जून 15 -- पटना उच्च न्यायालय में सोमवार को सात नये न्यायाधीशों ने पद की शपथ ली। इसके साथ ही न्यायालय में न्यायाधीशों की संख्या 44 हो गयी।
मुख्य न्यायाधीश मीनाक्षी मदन राय ने इन न्यायाधीशों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। केंद्र सरकार ने 10 जून को अधिवक्ता रंजन कुमार झा, अधिवक्ता कुमार मनीष और अधिवक्ता राज कुमार को उनके पद भार ग्रहण करने की तिथि से पटना उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया था,जबकि अधिवक्ता राणा विक्रम सिंह, अधिवक्ता विकास कुमार, अधिवक्ता गिरिजेश कुमार और अधिवक्ता आलोक कुमार को पद भार ग्रहण की तिथि से दो वर्षों की अवधि के लिए अतिरिक्त न्यायाधीश बनाया था।
शपथ ग्रहण समारोह में न्यायालय के न्यायाधीश, बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्र , बड़ी संख्या में अधिवक्ता, विभिन्न अधिवक्ता संघों के पदाधिकारी और नवनियुक्त न्यायाधीशों के परिवार के सदस्य उपस्थित थे।
इन सात न्यायाधीशों के शपथ ग्रहण के साथ ही पटना उच्च न्यायालय में कार्यरत न्यायाधीशों की संख्या 37 से बढ़कर 44 हो गयी है। न्यायालय में न्यायाधीशों के स्वीकृत पदों की कुल संख्या 53 है।
उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने गत 26 फरवरी को पटना उच्च न्यायालय के नौ अधिवक्ताओं को न्यायाधीश बनाने की अनुशंसा की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित