पटना , दिसंबर 29 -- बिहार में राजधानी पटना के चित्रगुप्तनगर थाना क्षेत्र से पुलिस ने 119 किलोग्राम गांजा के साथ छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने सोमवार को बताया कि रविवार को सूचना प्राप्त हुई थी कि राजेन्द्र नगर आरओबी के नीचे एक चारपहिया वाहन में कुछ संदिग्ध व्यक्ति मादक पदार्थ के साथ मौजूद हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस उक्त स्थान पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर पांच लोगों को धर दबोचा। तलाशी के क्रम में उनके पास से 02 ट्रॉली बैग एवं 01 बोरी से 34 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
श्री कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर अशोक नगर स्थित एक अपार्टमेंट में पुलिस द्वारा छापेमारी कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा 85 किलोग्राम गांजा, चार मोबाइल फोन तथा दो चारपहिया वाहन भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचानअनिल चौधरी, सत्यम दत्त गुप्ता, दिलखुश कुमार, अरविंद कुमार, अमित राज और विक्की कुमार जायसवाल के रूप में की गयी है। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित