पटना , जुलाई 16 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक किलो 151 ग्राम स्मैक के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि नेउरा थाना को सूचना मिली थी कि कुछ लोग एक ऑटो से विभिन्न स्थानों पर घूम-घूमकर मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) संकेत कुमार के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, दानापुर-02, नेउरा थाना तथा डीआईयू पटना की संयुक्त टीम का गठन कर मधुपुर पुल के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।

सूत्रों ने बताया कि जांच के दौरान एक संदिग्ध ऑटो को रोककर तलाशी ली गई। ऑटो में सवार दो महिलाओं के पास से काले रंग के पॉलीथिन में रखी 1715 पुड़िया स्मैक बरामद की गई, जिसका कुल वजन एक किलो 151 ग्राम है।

सूत्रों ने बताया कि इस कार्रवाई में दोनों महिला अभियुक्तों तथा ऑटो चालक समेत कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त ऑटो और 4298 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित