पटना , जुलाई 27 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने बिहटा थाना क्षेत्र से अवैध हथियारों के साथ पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि रविवार की शाम सूचना मिली थी कि बिहटा थाना क्षेत्र के बहपुरा बाजार स्थित सनराइज सिटी कार्यालय के समीप कुछ लोग अवैध हथियारों के साथ शराब पार्टी कर रहे हैं और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

सूचना के सत्यापन के बाद नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना के निर्देशन एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-02, दानापुर के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।

सूत्रों ने बताया कि पूछताछ और जांच में यह बात सामने आई कि गिरफ्तार अपराधी बहपुरा बाजार क्षेत्र में अवैध हथियारों के बल पर भय का माहौल बनाकर अपना वर्चस्व स्थापित करने का प्रयास कर रहे थे, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत व्याप्त थी।छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक देशी कार्बाइन, एक देशी कट्टा, 34 कारतूस, 44 खोखा, चार मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और 300 एमएल विदेशी शराब बरामद की है। गिरफ्तार अपराधियों में से कुछ का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। सभी के विरुद्ध अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित