पटना , मार्च 02 -- बिहार में पटना जिले के दानापुर थाना क्षेत्र से पुलिस ने हथियार के साथ दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह ने सोमवार को बताया कि एक मार्च की रात में दानापुर थाना को सूचना प्राप्त हुई कि हाईटेक अस्पताल के पीछे स्थित एक मैरेज हॉल में दो व्यक्ति अवैध हथियार के साथ फायरिंग कर रहे हैं।इस सूचना के आधार पर एक छापामारी टीम का गठन किया गया।
श्री सिंह ने बताया कि गठित टीम ने त्वरित एवं योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर छापामारी की। मौके से दो अपराधियों को एक देशी पिस्तौल , चार कारतूस , एक मैगजीन,एक खोखा एवं दो मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान संजीव कुमार और नवीन कुमार उर्फ बबन के रूप में की गयी है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित