पटना, मार्च 30 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने भारी मात्रा में कफ सिरप बरामद कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), परिचय कुमार ने सोमवार को बताया कि रविवार की रात गौरीचक थानांतर्गत कुछ व्यक्तियों द्वारा स्कॉर्पियो एवं अन्य वाहनों से अवैध नशीली दवा ले जाने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई।मामले की गंभीरता को देखते हुए छापेमारी टीम का गठन किया गया।गठित टीम ने उषा मार्टिन स्कूल के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया। वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहन आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा वाहन रोकने का प्रयास करने पर वाहन सवार कुछ व्यक्ति वाहन छोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। इस दौरान पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वाहनों की तलाशी के क्रम में कोडिन युक्त कफ सिरप की 6800 बोतल बरामद की गई हैं। उन्होंने बताया कि अग्रतर पूछताछ के क्रम में प्राप्त जानकारी के आधार पर एक गोदाम में छापेमारी की गई, जहाँ से 5250 बोतल कफ सिरप बरामद की गई हैं। उन्होंने बताया कि परिवहन में प्रयुक्त तीन कार बरामद की गई हैं।अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित