पटना , मई 09 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने भारी मात्रा में इंजेक्शन बरामद कर छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), परिचय कुमार ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार को सुलतानगंज थानांतर्गत ई-रिक्शा से नशीली सूई बेचे जाने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने छापेमारी के क्रम में दो अभियुक्तों को एक ई रिक्शा के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर चार अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
श्री कुमार ने बताया कि छापेमारी के क्रम में एक लोडेड देशी पिस्तौल, चार कारतूस, 457 पीस इंजेक्शन ,एक ई-रिक्शा, 19 स्मार्ट फोन, 13 मोबाईल फोन एवं 29420 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।गिरफ्तार अभियुक्तों में से एक का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है।अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित