पटना , अप्रैल 23 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुये आठ अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने गुरूवार को बताया कि 15 अप्रैल को फुलवारीशरीफ थाना में एक बाइक चोरी होने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई थी, जिस पर कांड दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।अग्रतर अनुसंधान के क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, फुलवारी शरीफ के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर कांड का सफल उद्भेदन करते हुए 20 अप्रैल को अरशद डी गिरोह (बाइक चोरी गिरोह) के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा।
सूत्रों ने बताया कि अग्रतर अनुसंधान के क्रम में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में उक्त गिरोह के पांच अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया, जो चोरी की बाइक को छिपाने, फर्जी नंबर प्लेट तैयार करने तथा वाहनों को कबाड़ी में काटने के कार्य में संलिप्त थे।अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित