पटना , मार्च 16 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने चित्रगुप्तनगर थाना क्षेत्र में होटल के एक कर्मचारी से मारपीट करने के मामले में दो लोगों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।

नगर पुलिस अधीक्षक पूर्वी परिचय कुमार ने सोमवार को बताया कि रविवार की रात चित्रगुप्तनगर थाना अंतर्गत राजेंद्रनगर टर्मिनल के सामने स्थित एक होटल के कर्मचारी के साथ पांच-छह सामाजिक तत्वों द्वारा हथियार से लैस होकर मारपीट करने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई।इस सूचना के आधार पर थाने के गश्ती दल द्वारा तत्काल उक्त स्थल पर पहुंचने पर पुलिस को देखकर कुछ लोग मौके से भागने लगे।

श्री कुमार ने बताया कि गश्ती दल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए कार से भाग रहे लोगों का पीछा कर रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में दो देशी कट्टा, दो कारतूस एवं एक खोखा बरामद किया गया।

इस कार्रवाई में दो अभियुक्तों संजीव कुमार और शिशि रंजन को गिरफ्तार किया गया है।अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित