पटना , मई 30 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में संचालित एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन कर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बाढ़-02) आयुष श्रीवास्तव ने शनिवार को बतायाशुक्रवार को सूचना मिली थी कि बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में आकाश होटल से लगभग तीन किलोमीटर दक्षिण टेका बिगहा दियारा क्षेत्र में घोवा नदी के किनारे झाड़ियों के बीच अवैध हथियार निर्माण का काम चल रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक पटना के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व में बिहार विशेष कार्य बल (एसटीएफ), बख्तियारपुर थाना पुलिस एवं विशेष टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।कार्रवाई के दौरान मौके पर अवैध हथियार बनाते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने वहां से तीन बैश मशीन, दो देशी कट्टा, तीन अर्द्धनिर्मित देशी कट्टा, एक खंडा (भांती), तीन खोखा, एक हैंड ड्रिल मशीन, दो हेक्सा तथा हथियार निर्माण में प्रयुक्त बड़ी मात्रा में उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया किपूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि एक स्थानीय व्यक्ति उन्हें हथियार निर्माण के लिए वहां लेकर आया था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने बताया बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा अवैध हथियार निर्माण और तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित