पटना , अप्रैल 22 -- बिहार में पटना जिले के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र में एक ज्वैलरी दुकान में हुई डकैती में शामिल मुख्य अभियुक्त पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हो गया। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने बुधवार को बताया कि 19 अप्रैल को रामकृष्णानगर थानांतर्गत स्थित एक ज्वैलरी दुकान में दो मोटरसाइकिल पर सवार पांच अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर डकैती की घटना को अंजाम दिया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), पटना के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गठित टीम ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त अभियुक्त उदित कुमार को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ के क्रम में अन्य संलिप्त अभियुक्तों की पहचान हुई, जिसके आधार पर मुख्य अभियुक्त दिलीप कुमार एवं एक अन्य अभियुक्त रोहन को गिरफ्तार किया गया।पूछताछ के दौरान अभियुक्त दिलीप कुमार द्वारा ज्वैलरी दुकानदार के साथ मारपीट कर उसे घायल करने की बात सामने आई है।

श्री शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त दिलीप कुमार की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिये उसके साथ बताए गए स्थान पर छापेमारी की गई।

इस दौरान अभियुक्त द्वारा छिपाए गए लोडेड हथियार से एक पुलिस पदाधिकारी पर फायरिंग की गई, जिसके जवाब में पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में अभियुक्त दिलीप कुमार के पैर में गोली लगी।घायल अभियुक्त को इलाज के लिये अस्पताल भेजा गया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस कांड में संलिप्त चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, साथ ही घटना में प्रयुक्त एक पिस्तौल , एक देशी कट्टा, तीन कारतूस एवं एक गोली का खोखा बरामद किया गया है।शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिये छापामारी एवं अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित