पटना , अप्रैल 13 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (दानापुर-01), शिवम धाकर ने सोमवार को बताया कि सोशल मीडिया कोषांग की ओर से प्रतिदिन सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जा रही है। इस क्रम में पाया गया कि एक वायरल वीडियो में एक व्यक्ति अपने हाथ में एक देशी कट्टा लहराते हुए दिखाई दे रहा है। सत्यापन के क्रम में यह पाया गया कि उक्त वायरल वीडियो में देशी कट्टा लहराने वाला व्यक्ति शाहपुर थाना अन्तर्गत दियरा क्षेत्र के मकदसुदपुर गांव निवासी उपेन्द्र राय है।
श्री धाकर ने बताया कि उपेन्द्र राय की गिरफ्तारी के लिये नगर पुलिस अधीक्षक, (पश्चिमी) पटना के निर्देशन में थानाध्यक्ष शाहपुर के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया।छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शाहपुर थाना अन्तर्गत दियरा क्षेत्र के मकदसुदपुर गांव निवासी उपेन्द्र राय के घर पर छापामारी की।छापामारी के क्रम में उसके घर से एक देशी कट्टा एवं दो कारतूस बरामद किया गया। इसके बाद उपेन्द्र राय को राय गिरफ्तार कर लिया गया।इस संदर्भ में शाहपुर थाना कांड सं0-143/26, धारा-25 (1-बी) ए/26 आर्म्स एक्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित