पटना , मार्च 18 -- बिहार में पटना जिले के जिलाधिकारी त्यागराजन एस.एम. ने मंगलवार को रसोई गैस (एलपीजी) की उपलब्धता एवं आपूर्ति से संबंधित विषय पर पटना नगर निगम के 75 वार्डों के पार्षदों के साथ बैठक की, जिसमें नगर आयुक्त, पटना नगर निगम, अपर जिला दंडाधिकारी (आपूर्ति) तथा गैस एजेंसियों के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
इस बैठक में आज जिलाधिकारी ने पदाधिकारियों को उपभोक्ताओं की हर सुविधा का ध्यान रखने तथा ब्लैकमार्केटिंग या अधिक दाम पर बिक्री की शिकायत आने पर अवैध कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध तुरत प्राथमिकी दर्ज करने, गिरफ्तार करने एवं गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों को उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और कुल 136 गैस एजेंसी में पंजीकृत रसोई गैस उपभोक्ताओं की संख्या 16,65,360 है। उन्होंने कहा कि सभी वितरकों के पास पर्याप्त मात्रा में रसोई गैस उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि इस महीने अभी तक कुल 6,89,055 बुकिंग की गई है और औसतन प्रतिदिन 35-40 हज़ार बुकिंग की जा रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अनुरोध किया कि नाहक अफरातफरी में बुकिंग नही करें और किसी भी प्रकार की भ्रामक या अपुष्ट सूचना पर ध्यान न दें।
श्री त्यागराजन ने कहा कि उपभोक्ता सिर्फ आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। उन्होंने कहा कि एलपीजी घरेलू गैस के पारदर्शी एवं सुचारू रूप से आपूर्ति के लिए सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग एवं तत्पर है और आवश्यकता पड़ने पर चौबीस घंटे में कभी भी जिला एलपीजी गैस हेल्पलाइन 0612-2219810 पर कॉल कर विधिवत एवं त्वरित सहायता प्राप्त की जा सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित