पटना , जुलाई 27 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने एक मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि 24 जुलाई 2026 को केवड़ा थाना को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति के पास अवैध हथियार मौजूद हैं। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देश तथा नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), पटना की निगरानी में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
सूत्रों ने बताया कि गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली। इस दौरान उसकी मोटरसाइकिल के पीछे बंधे एक थैले से एक देशी कट्टा, 12 कारतूस और आठ लोहे के अर्धनिर्मित बैरल बरामद किए गए। पुलिस ने मोटरसाइकिल को जब्त करते हुए उक्त अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस टीम ने एक अन्य व्यक्ति के घर पर छापेमारी की, जहां अवैध रूप से संचालित मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ। छापेमारी के दौरान मौके से 32 बैरल, अर्धनिर्मित हथियार, लेथ मशीन और हथियार निर्माण में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद की गई। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित