पटना, मार्च 20 -- पटना के ज़िलाधिकारी त्यागराजन एस.एम. ने जिले में घरेलू गैस की किल्लत की खबरों के बाद उपभोक्ताओं से आह्वान किया है कि गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (गेल) की तरफ से डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस (डीपीएनजी) कनेक्शन की सुविधा ले कर इसका लाभ उठायें।
जिलाधिकारी ने कहा कि लोगों से इस कैंप में भाग लेकर ईंधन के इस सुविधाजनक, निरंतर और सुरक्षित स्रोत का कनेक्शन प्राप्त कर लाभ उठाना चाहिए।
इस संबंध में जिलाधिकारी ने राजधानी पटना में गेल की तरफ से पीएनजी की सुविधा को जनहित में अधिक उपयोगी बनाने के लिए आयोजित कैम्प की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को इसके वृहत स्तर पर प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए।
गेल डीपीएनजी के कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 21 मार्च को सात सोसायटी/ अपार्टमेंट/ स्थानों यथा क्रिस्टल अपेक्स- डीपीएस मोड़, गिरिजा कॉम्प्लेक्स- आर के पुरम, कश्यप ग्रीन सिटी- कोथवां, राम दुलारी- कुसुमपुरम, एक्वा सिटी- उसरी चौक, तिरुवनंतपुरम सिटी- विजय सिंह यादव पथ, जेन एक्स लैंडमार्क- आरपीएस मोड़ टी प्वाइंट लोकेशन पर 10:30 बजे पूर्वाह्न से लगाने जा रही है।
उल्लेखनीय है कि अमेरिका- इजराइल- ईरान युद्ध के शुरू होने के बाद पटना में उपभोक्ता घरेलू गैस (एलपीजी) की किल्लत की शिकायत करते रहे हैं और गेल की इस पहल से इस समस्या के निदान में मदद मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित